महराजगंज। बारिश के मौसम में नालियों की सफाई और जलनिकासी की समस्या से निपटने के लिए नगर पालिका परिषद ने नई पहल की है। नगर पालिका ने 23 लाख रुपये की लागत से मिनी पोकलेन मशीन खरीदी है। इस मशीन की मदद से अब शहर की उन संकरी नालियों की सफाई भी की जा सकेगी, जहां बड़ी मशीनों का पहुंचना मुश्किल होता है।
नगर पालिका ने मशीन की खरीदारी 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से की है। अधिकारियों को उम्मीद है कि मिनी पोकलेन के इस्तेमाल से नालियों में जमा सिल्ट और कचरे की सफाई तेजी से हो सकेगी।
नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर नालियां संकरी होने के कारण सफाई कर्मचारियों को हाथ से सिल्ट और कचरा निकालना पड़ता है। इसमें अधिक समय लगने के साथ ही बारिश के दौरान जलभराव की समस्या भी बनी रहती है। मिनी पोकलेन के आने से अब ऐसी नालियों की सफाई कम समय में कराने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
मिनी पोकलेन का आकार छोटा होने के कारण इसे कम चौड़ाई वाली गलियों और रास्तों तक पहुंचाया जा सकेगा। इससे उन स्थानों की सफाई भी संभव होगी, जहां सामान्य पोकलेन या अन्य बड़ी मशीनें नहीं पहुंच पाती हैं।
नगर पालिका के ईओ आलोक कुमार ने बताया कि बारिश के दौरान नालियों में जमा कचरे और सिल्ट के कारण जलनिकासी प्रभावित होती है। नियमित सफाई से जलभराव की समस्या को कम किया जा सकता है। मिनी पोकलेन से सफाई कर्मचारियों का समय और श्रम दोनों बचेंगे।
अब देखना होगा कि 23 लाख रुपये की यह मशीन शहर की जलनिकासी व्यवस्था को कितनी राहत दिला पाती है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।