महराजगंज। महराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। महिला अपने बेटे के साथ गोरखपुर से दवा लेकर घर लौट रही थी। रास्ते में अचानक उसका दुपट्टा बाइक की चेन में फंस गया। दुपट्टा खिंचने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, निचलौल थाना क्षेत्र के निवासी महताब आलम ने अपनी पत्नी रीता देवी को उनके बेटे अमन के साथ बाइक से गोरखपुर दवा लेने के लिए भेजा था। दवा लेकर वापस लौटते समय दमकी भारत गैस एजेंसी के पास अचानक रीता देवी का दुपट्टा बाइक की चेन में फंस गया।
दुपट्टा खिंचने से बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में रीता देवी का दुपट्टा उनके गले में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में रीता देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया।
जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में अमन को भी चोटें आई हैं। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घर में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना ने बाइक पर सफर के दौरान ढीले कपड़ों और दुपट्टे को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत को भी सामने ला दिया है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।