महराजगंज। त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले रोडवेज बसों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर परिवहन निगम ने निगरानी बढ़ा दी है। अब रिफ्लेक्टर, बैक लाइट, ब्रेक लाइट, फॉग लाइट या खिड़की में खराबी मिलने पर बस को सड़क पर दौड़ाने की अनुमति नहीं होगी। तकनीकी खामी मिलने पर बस को वर्कशॉप में खड़ा कराया जाएगा और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी।
महराजगंज डिपो में कुल 74 रोडवेज बसें हैं। इनसे गोरखपुर, निचलौल, ठूठीबारी समेत विभिन्न स्थानीय मार्गों के साथ लखनऊ, वाराणसी और दिल्ली जैसे लंबे रूट पर भी यात्रियों को सफर कराया जाता है। त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए बसों की तकनीकी स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बसों की तकनीकी स्थिति को लेकर परिवहन निगम ने निगरानी बढ़ा दी है। अक्सर बसों की बैक लाइट, ब्रेक लाइट या फाग लाइट खराब होने से सड़क पर खतरा बढ़ जाता है।पीछे से आने वाले वाहनों के चालकों को बस सही तरीके से दिखाई नहीं देने पर हादसा हो सकता है। इसी को देखते हुए सभी जरूरी सुरक्षा उपकरणों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
चालकों को भी बस की तकनीकी स्थिति को लेकर जवाबदेह बनाया गया है। किसी तरह की कमी मिलने पर बस को वर्कशॉप में खड़ा कराने और संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश हैं। वहीं यात्रियों ने बसों की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
उनका कहना है कि कई बसों की सीटों और आस-पास गंदगी जमा रहती है। लंबी दूरी की बसों में सफर करने वाले यात्रियों को इससे अधिक परेशानी होती है। यात्री राममनोहर यादव, बैजनाथ गुप्ता और दयाशंकर ने बताया कि किराया देने के बावजूद बसों में अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
एआरएम सर्वजीत वर्मा ने बताया कि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बसों की तकनीकी जांच को प्राथमिकता दी जा रही है। रिफ्लेक्टर, बैक लाइट, ब्रेक लाइट, फॉग लाइट और खिड़की समेत सभी जरूरी उपकरणों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। तकनीकी कमी मिलने पर बस को वर्कशॉप में खड़ा कराया जाएगा और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई होगी।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।