महराजगंज। फरेंदा थाना क्षेत्र के बरगदवा रामसहाय गांव में रेलवे के तार चोरी करने पहुंचे बदमाशों की कोशिश ग्रामीणों की सतर्कता से नाकाम हो गई। सोमवार देर रात करीब दो बजे चार बदमाश रेलवे लाइन के किनारे पहुंचे और रेलवे के ओवरहेड/सप्लाई तार काटने लगे। इसी दौरान तार कटने की आवाज सुनकर ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने मौके पर पहुंचकर बदमाशों को घेर लिया।
ग्रामीणों को अपनी ओर बढ़ता देख बदमाशों में अफरा-तफरी मच गई। तीन आरोपी तत्काल पिकअप वाहन में सवार होकर मौके से फरार हो गए। वहीं, तार काटने में व्यस्त एक आरोपी ग्रामीणों की पकड़ में आ गया।
पकड़े गए आरोपी को ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे बिजली के पोल से बांध दिया और इसकी सूचना फरेंदा थाना पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
मौके से पुलिस ने कटे हुए रेलवे तार के टुकड़े और तार काटने में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद किए हैं। थानाध्यक्ष फरेंदा राघवेंद्र सिंह के अनुसार, पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके फरार तीन साथियों और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन की तलाश में जुटी है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।