महराजगंज। आगामी त्योहार बारावफात को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी फरेंदा के नेतृत्व में थाना पुरन्दरपुर पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावी गश्त एवं फ्लैग मार्च किया गया।
पुलिस टीम ने मोहनापुर, लक्ष्मीपुर, लालाइन पैसिया एवं एक्मा क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए त्योहार को शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कवायद की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी ।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।