महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के बहादुरी बाजार में शनिवार शाम बाइक चोरी की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाजार में बाइक चेकिंग के बावजूद चोरी की बाइक चोर कैसे लेकर निकल गया, इसे लेकर पीड़ित युवक ने सवाल उठाया है। हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
जानकारी के अनुसार सोनाबंदी निवासी सुनील कुमार शनिवार शाम करीब पांच बजे अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक संख्या UP 55 F 8902 से बहादुरी बाजार पहुंचे थे। उन्होंने बाइक बाजार में खड़ी की और खरीदारी करने चले गए। कुछ देर बाद वापस लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली।
बाइक तलाशने के बाद पीड़ित ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति बाइक का लॉक तोड़कर उसे लेकर जाता हुआ दिखाई दिया।
घटना के बाद पीड़ित ने कोल्हुई थाने में तहरीर देकर CCTV फुटेज के आधार पर अज्ञात चोर की पहचान करने, मुकदमा दर्ज करने और चोरी गई बाइक बरामद करने की मांग की है। पूरी वारदात कैमरे में कैद होने के बाद अब पुलिस के सामने आरोपी की पहचान कर बाइक बरामद करने की चुनौती है।
वहीं, बाइक चोरी को लेकर युवक ने पुलिस की बाइक चेकिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि यदि पुलिस लगातार वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तो चोरी की बाइक चोर बाजार से लेकर कैसे निकल गया।
अब निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कब तक होती है और चोरी गई बाइक बरामद करने में पुलिस को कितनी सफलता मिलती है, यह देखने वाली बात होगी।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।