गोरखपुर। 10 करोड़ रुपये की बकाया रकम दिलाने का भरोसा देकर 75 वर्षीय सेवानिवृत्त रेल अधिकारी से 10 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को करणी सेना का प्रदेश सचिव बताते हुए प्रशासन और पुलिस में प्रभाव होने का दावा किया था। रकम देने के बाद जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो रुपये वापस मांगने पर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
जेल बाईपास रोड स्थित जंगल मातादीन निवासी सीताराम ने पुलिस को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि उनकी पत्नी गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं। इलाज के लिए हुए कर्ज के चलते उन्होंने 15 अप्रैल को अपनी 38 डिसमिल जमीन और मकान शहर के एक डॉक्टर को बेच दिया था। आरोप है कि डॉक्टर ने तय कीमत की केवल आधी रकम दी और दो महीने तक मकान में सामान रखने की अनुमति दी। इसी दौरान मई के पहले सप्ताह में सीताराम की मुलाकात सर्वेश सिंह से हुई।
सीताराम का आरोप है कि सर्वेश ने खुद को करणी सेना का प्रदेश सचिव बताते हुए थाना और प्रशासन में अच्छी पकड़ होने का दावा किया। उसने डॉक्टर से बकाया 10 करोड़ रुपये दिलाने की बात कहते हुए 15 लाख रुपये मांगे। बातचीत के बाद सौदा 10 लाख रुपये में तय हुआ। चार मई को पीड़ित ने आरोपी को 10 लाख रुपये का चेक दे दिया।
आरोप है कि अगले दिन सर्वेश तीन अन्य लोगों के साथ जमीन पर पहुंचा। इनमें दो की पहचान कुशीनगर के पूर्व पंचायत सदस्य रविंद्र और अनुराग के रूप में हुई। आरोपियों ने मकान का ताला तोड़कर दूसरा ताला लगा दिया। अगले दिन पीड़ित को शाहपुर थाने बुलाया गया। वहां बातचीत के दौरान उसे ठगी का एहसास हुआ। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों पर गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पीड़ित ने स्थानीय चौकी और थाने के बाद पुलिस के उच्चाधिकारियों से भी शिकायत की। सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने जनता दरबार में मुख्यमंत्री से गुहार लगाई। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शाहपुर पुलिस ने शनिवार को सर्वेश सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि प्रार्थनापत्र के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।