महराजगंज। शहरवासियों और राहगीरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका परिषद प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। शहर के प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर सार्वजनिक टोटियां लगाई जाएंगी। इसके लिए सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है। योजना के तहत करीब 125 सार्वजनिक टोटियां लगाने की तैयारी है।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार प्रत्येक वार्ड में पांच-पांच चौराहों पर सार्वजनिक टोटी लगाई जाएगी। इसके अलावा शहर की प्रमुख सड़कों गोरखपुर रोड, फरेंदा रोड, निचलौल रोड, अमरूतिया, पड़री, बांसपार बैजौली रोड, नहर रोड और चिउरहा रोड पर मानक के अनुसार सार्वजनिक पेयजल की व्यवस्था की जाएगी।
शहर में लगे हैं 456 इंडिया मार्का हैंडपम्प। शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 456 इंडिया मार्का हैंडपम्प लगे हैं। इनमें अधिकांश हैंडपम्पों पर अतिक्रमण हो गया है। कई दूषित पानी उगल रहे हैं। नगर पालिका प्रशासन हैंडपम्पों को अतिक्रमणमुक्त करने के साथ दूषित पानी उगल रहे हैंडपम्पों को ठीक कराएगी।
नगर पालिका प्रशासन शहर की नई आबादी में बने मकानों तक भी शुद्ध पेयजल पहुंचाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। पाइपलाइन को पुरानी आबादी में मौजूद जलापूर्ति व्यवस्था से जोड़कर नई आबादी में पानी की सप्लाई शुरू करने की योजना है।
शहरवासियों के साथ राहगीरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए हर स्तर पर कोशिश तेज कर दी गई है। मुख्य सड़कों पर सार्वजनिक टोटी लगाने के साथ ही खराब इंडिया मार्का हैंडपम्पों को ठीक किया जाएगा। नई मकानों तक पानी पाइप लाइन बिछाने का कार्य बहुत जल्द शुरू हो जायेगा।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।