कोल्हुई। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग-29 पर गुरचिहा गांव के पास शुक्रवार दोपहर बाइक और अर्टिगा कार की भिड़ंत में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक अन्य युवक भी घायल हुआ है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची कोल्हुई पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे गुरचिहा गांव के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। थानाध्यक्ष कोल्हुई कुंवर गौरव सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अर्टिगा कार संख्या UP53 LT 1699 गोरखपुर से सोनौली की तरफ जा रही थी। इसी दौरान गुरचिहा गांव की ओर से बाइक संख्या UP56 AV 4290 पर सवार दो युवक अचानक हाईवे पर आ गए और उनकी बाइक अर्टिगा से टकरा गई।
टक्कर के बाद बाइक सवार विकास पुत्र चंद्रभान चौहान (17), निवासी कैथवलिया पाठक, थाना कोल्हुई और दूसरा युवक अखिलेश सड़क पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। अखिलेश का उपचार कराया जा रहा है।
चालक को ले जाने का प्रयास, कई लोग हिरासत में
दुर्घटना के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया और अर्टिगा चालक से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान चालक के पक्ष में पहुंचे कुछ लोगों ने उसे अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके से संबंधित लोगों को हिरासत में लेकर निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस की ओर से मृतक के पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।