
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के रामपुरवा गांव में शुक्रवार सुबह तालाब में डूबने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक की पहचान रामपुरवा गांव निवासी रामचंद्र चौधरी पुत्र स्वर्गीय नथुनी चौधरी (50) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, रामचंद्र अत्यधिक शराब का सेवन करते थे। प्रथम दृष्टया आशंका है कि शुक्रवार सुबह करीब सात बजे नशे की हालत में तालाब के पास जाते समय उनका पैर फिसल गया, जिसके बाद वह पानी में डूब गए।
11 बजे पुलिस को मिली सूचना
पुलिस को घटना की जानकारी शुक्रवार को करीब 11 बजे दूरभाष के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही कोठीभार थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया नशे की हालत में तालाब में डूबने से मौत होने की आशंका है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।