सिसवा बाजार। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को सिसवा नगर में समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत भव्य कलश वंदन यात्रा का आयोजन किया गया। श्रद्धा और उत्साह से सराबोर इस यात्रा का नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।
कलश यात्रा घुघली रोड, बंदी ढाला होते हुए हरपुर पकड़ी स्थित बउरहवा बाबा शिव मंदिर, जायसवाल नगर के शिव मंदिर तथा नगर के काली मंदिर पहुंची। प्रत्येक स्थल पर श्रद्धालुओं ने कलश को सिर पर धारण कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इसके बाद यात्रा नगर के सबया पहुंचकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी महाराजगंज के जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, प्रेम, भाईचारे और मानव सेवा का अनुपम संदेश देता है। उन्होंने सभी से संत रविदास जी के आदर्शों को अपनाकर समाज में समानता और सद्भाव को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर दयाशंकर सिंह, रवि जायसवाल, राजू सिंह, रणधीर सिंह, धर्मनाथ खरवार, राकेश कन्नौजिया, वैष्णो सोनी, पिंटू सहित अनेक पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।