Maharajganj Politics : सीएम योगी से मिले सिसवा के व्यापारी तहसील के मुद्दे पर जनगणना के बाद होगा निर्णय

    05-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज।
सिसवा विधानसभा क्षेत्र के व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को विधायक प्रेम सागर पटेल के नेतृत्व में लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने सिसवा में मंडी समिति की स्थापना और तहसील का दर्जा दिए जाने की प्रमुख मांग उठाई। मुख्यमंत्री ने मंडी समिति की स्थापना के प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। वहीं सिसवा को तहसील बनाने की मांग पर उन्होंने कहा कि जनगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित मानकों के अनुरूप इस संबंध में आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।


बैठक के बाद व्यापारियों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उनका कहना था कि वर्षों से लंबित मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा गया, जिससे सकारात्मक परिणाम की उम्मीद बढ़ी है। व्यापारियों ने इस अवसर के लिए विधायक प्रेम सागर पटेल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र की समस्याएं सीधे प्रदेश सरकार तक पहुंच सकीं।

प्रतिनिधिमंडल में जितेंद्र वर्मा, हरिराम भालोटिया, जयप्रकाश भालोटिया, विजय कुमार सोनी, मनीष सोनी, नामित भालोटिया, चंदन सोनी, मनोज चौधरी, मदन राजभर, शिवजी सोनी, शिबू खान, अश्विनी रौनियार, मकसूद, संतराज विश्वकर्मा, मनीष रौनियार, अविनाश मद्धेशिया, रोशन मद्धेशिया और मनीष भालोटिया सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।