महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी क्षेत्र में सोलर सिस्टम चोरी के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य की चोरी की गई सोलर बैटरियां, पैनल, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दिनेश सिंह यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम मैरी में दबिश देकर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में तबरेज अंसारी निवासी जमुईकला थाना ठूठीबारी, चन्द्रशेखर साहनी निवासी कटका थाना निचलौल तथा बलराम दूबे निवासी जमुई कला थाना ठूठीबारी शामिल हैं।
पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया। बरामदगी में ईस्टमैन कंपनी की चार बैटरियां, पीवी पावर टेक कंपनी के पांच सोलर पैनल, दो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल शामिल है। पुलिस ने बाइक को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय चालान किया गया। पुलिस का कहना है कि सीमा क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।