महराजगंज। शहर में फुटपाथों और सर्विस लेन पर बढ़ते अतिक्रमण ने यातायात व्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर सड़क किनारे अवैध कब्जों के चलते आए दिन लंबा जाम लग रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि पैदल चलने वालों को भी मजबूरन मुख्य सड़क पर उतरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
शहर के सक्सेना चौक से फरेंदा रोड तक यातायात को सुगम बनाने के लिए दो लेन की सड़क के साथ सर्विस लेन बनाई गई है लेकिन सर्विस लेन के दोनों किनारों पर चार पहिया और दो पहिया वाहनों की लंबी कतारें खड़ी रहती हैं। इससे सर्विस लेन की चौड़ाई काफी कम हो गई है और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीँ हनुमानगढ़ी चौराहे के दोनों ओर रेहड़ी और ठेला व्यापारियों ने स्थायी रूप से दुकानें लगा ली हैं। इसके चलते चौराहे पर हर समय भीड़भाड़ बनी रहती है और थोड़ी देर में ही वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। बस स्टैंड क्षेत्र में भी फुटपाथों पर अतिक्रमण होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गांधी नगर के रहने वाले रजत रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद स्थिति में स्थायी सुधार नहीं हो सका है। अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाता है लेकिन अभियान समाप्त होते ही फिर से फुटपाथ और सड़क किनारे कब्जे शुरू हो जाते हैं, जिससे जाम की समस्या स्थायी रूप ले चुकी है।
लोगों ने प्रशासन से नियमित और प्रभावी कार्रवाई कर फुटपाथों एवं सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।