महराजगंज। नौतनवा नगर स्थित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का परिसर इन दिनों अस्थायी टैक्सी स्टैंड का रूप ले चुका है। अस्पताल परिसर में दिनभर टैक्सियों और निजी वाहनों की कतारें लगी रहने से मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्यकर्मियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई वाहन लंबे समय से परिसर में खड़े हैं, जिससे अस्पताल का मुख्य मार्ग भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप वाहनों के खड़े होने से एंबुलेंस को भीतर ले जाने में भी समस्या उत्पन्न होती है। कई बार आपात स्थिति में रोगियों को लेकर आने वाली एंबुलेंस को बाहर ही रुकना पड़ता है, जिससे समय पर उपचार में बाधा उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है। कुछ वाहन तो महीनों से परिसर में खड़े हैं।
मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि परिसर में बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अस्पताल तक पहुंचने में काफी मुश्किल होती है। अस्पताल आने वाले लोगों को पैदल निकलने तक के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती।
अस्पताल कर्मचारियों के अनुसार, इस समस्या से संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे परिसर में अव्यवस्था लगातार बढ़ती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अस्पताल परिसर को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त कराने की मांग की है, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों और मरीजों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बसंत कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल परिसर में खड़े वाहनों को हटाने के लिए जल्द ही विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य केंद्र का परिसर व्यवस्थित किया जा सके।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।