महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा के सोनौली क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल ने रूटीन जांच के दौरान एक बस से बड़ी मात्रा में ऐसे सामान की बरामदगी की है, जिसके वैध दस्तावेज मौके पर मौजूद लोग प्रस्तुत नहीं कर सके। कार्रवाई में बस समेत दो भारतीय व्यक्तियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए नौतनवा कस्टम कार्यालय को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार 8 अगस्त 2026 की शाम करीब 7:10 बजे बी समवाय सोनौली के मुख्य व्यापार एवं पारगमन मार्ग पर शिफ्ट कमांडर के नेतृत्व में रूटिंग जांच की जा रही थी। इसी दौरान बस संख्या ARO6 C 9161 की जांच की गई। बताया गया कि उक्त बस गुजरात से यात्रियों को लेकर नेपाल के बुटवल गई थी। यात्रियों को बुटवल में उतारने के बाद बस खाली वापस भारत की ओर लौट रही थी।
इसी दौरान BIT ड्यूटी पार्टी ने बस को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान बस से बड़ी मात्रा में वाई-वाई नमकीन, साड़ियां, सिगरेट, गुटखा और आर्टिफिशियल ज्वैलरी बरामद हुई। बरामद सामान के संबंध में बस में मौजूद दो भारतीय व्यक्तियों से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे सामान से संबंधित वैध कागजात उपलब्ध कराने में असफल रहे।
इसके बाद सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने नियमानुसार तलाशी और जब्ती की प्रक्रिया पूरी की। कार्रवाई के दौरान बरामद सामान, बस और दोनों व्यक्तियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए नौतनवा कस्टम कार्यालय को सुपुर्द कर दिया गया।
सोनौली सीमा पर हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध तरीके से सामान की आवाजाही करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। सीमा सुरक्षा बल की टीमें भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में वाहनों की नियमित जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रख रही हैं।
अब कस्टम विभाग की जांच में यह स्पष्ट होगा कि बरामद सामान की वास्तविक मात्रा और कीमत कितनी है तथा उसे सीमा पार ले जाने के पीछे क्या उद्देश्य था।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।