महराजगंज। महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर सोमवार को सिसवा ब्लॉक सभागार में आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कोठीभार पुलिस की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा के उपाय और जरूरत पड़ने पर पुलिस से सहायता लेने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यशाला में उपनिरीक्षक लकी पटेल और उपनिरीक्षक पूजा यादव ने आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इन कार्यकर्ताओं का महिलाओं और परिवारों से सीधे संपर्क रहता है। ऐसे में वे गांव-गांव तक महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़ी जानकारी पहुंचाने के साथ लोगों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि किसी महिला या बालिका के साथ सुरक्षा से जुड़ी कोई समस्या सामने आती है तो उसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ऐसी स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने पर जोर दिया गया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कार्यशाला के दौरान संवेदनशील मामलों में पीड़ित महिला या बालिका की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनने तथा मामले की जानकारी समय पर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की जरूरत भी बताई गई।
प्रशिक्षण के दौरान आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं ने महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पुलिस अधिकारियों के सामने रखे। अधिकारियों ने उनके सवालों का जवाब देते हुए आवश्यक जानकारी दी और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।