महराजगंज। सिसवा बाजार कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम खेसरारी छावनी टोला में सोमवार को एक लीची के बागीचे में महिला का शव पेड़ से लटका मिलने से पुलिस मौके पर पहुंची। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, शाम करीब 4 बजे पीआरवी के जरिए सूचना प्राप्त हुई कि खेसरारी छावनी टोला निवासी शक्ति सिंह पुत्र शीश सिंह के लीची के बागीचे में एक महिला का शव पेड़ से लटका हुआ है। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
मामले की सूचना मिलने के बाद फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल पर आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की। वहीं, पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।