निचलौल, महराजगंज। नगर पंचायत निचलौल में बारिश के बाद जलजमाव ने स्थानीय व्यवस्थाओं की स्थिति उजागर कर दी है। नगर के वार्ड नंबर 11 में सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से स्कूली छात्रों को रोजाना आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि छात्र कंधे पर स्कूल बैग और हाथ में जूते लेकर पानी से भरी सड़क पार कर रहे हैं।
वार्ड की सड़क पर जलजमाव के कारण पैदल चलना मुश्किल हो गया है। इसी रास्ते से बड़ी संख्या में स्कूली छात्र प्रतिदिन स्कूल आते-जाते हैं। बारिश के दिनों में सड़क पर जमा पानी और कीचड़ के बीच से निकलना उनके लिए चुनौती बन गया है।
छात्रों को अपने जूते खराब होने से बचाने के लिए उन्हें हाथ में लेकर पानी और कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ रहा है। सड़क के जलभराव वाले हिस्से को पार करने के बाद वे सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर जूते पहनकर स्कूल के लिए आगे बढ़ते हैं।
दो महीने से बनी है समस्या स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड में सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की समस्या नई नहीं है। करीब दो महीने से यह स्थिति बनी हुई है। सड़क की खराब हालत के साथ जलजमाव की समस्या भी बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
लोगों का आरोप है कि समस्या की जानकारी होने के बावजूद नगर पंचायत प्रशासन की ओर से सड़क की मरम्मत और पानी की निकासी को लेकर ठोस पहल नहीं की गई।
जल्द समाधान की मांग स्थानीय निवासी रमेश खरवार, कृतिक आजाद, जयचंद यादव और सोनू पांडे ने नगर पंचायत प्रशासन से समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है। लोगों ने सड़क की मरम्मत के साथ जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग की, ताकि बारिश के दौरान स्कूली छात्रों और अन्य राहगीरों को परेशानी से राहत मिल सके।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।