Maharajganj News: फरेंदा में बनेगा विशाल बौद्ध विहार, भीमसेन गौतम ने 20 लाख की जमीन दान करने का किया ऐलान

    11-Sep-2026   
Total Views |

फरेंदा, महराजगंज।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में बौद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार और विस्तार के उद्देश्य से फरेंदा में विशाल बौद्ध विहार की स्थापना की जाएगी। इसके निर्माण के लिए डॉ. आंबेडकर महासभा तहसील इकाई फरेंदा के अध्यक्ष एवं आरटीआई जागरूकता अभियान के जनक भीमसेन गौतम ने अपनी करीब 20 लाख रुपये मूल्य की जमीन दान करने की घोषणा की है।

भीमसेन गौतम ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फरेंदा में पिछले कई दशकों से बौद्ध विहार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। दुनिया को शांति का संदेश देने वाले तथागत गौतम बुद्ध के सिद्धांतों और विचारों के प्रचार-प्रसार के लिए क्षेत्र में लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन बौद्ध विहार के अभाव में कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

उन्होंने बताया कि इसी आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने फरेंदा शहर में अपनी जमीन बौद्ध विहार के निर्माण के लिए देने का निर्णय लिया है। बौद्ध विहार की स्थापना की घोषणा की जानकारी सामने आने के बाद बौद्ध अनुयायियों में खुशी का माहौल है।

जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

अभियान से जुड़े लोगों ने भीमसेन गौतम के इस निर्णय की सराहना की। वरिष्ठ भाजपा नेता अंबरीश राव लल्लन, अनिल पासवान एडवोकेट, युवराज कुमार, गंगा पासवान एडवोकेट, दिनेश चंद्र ग्राम प्रधान, दयानंद राव, रामनरेश पासवान, कृष्ण कुमार, डॉ. चंद्रजीत वरुण और गोपाल जी समेत अन्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि भीमसेन गौतम के नेतृत्व में बौद्ध विहार के निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।



मुबारक अली

मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।