महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र में नहर में कूदी महिला की जान बचाने वाले कक्षा 10 के दो छात्रों के साहस की जिलाधिकारी ने सराहना की है। महिला को बचाने के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना नहर के तेज बहाव में छलांग लगाने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। साथ ही, दोनों के नाम राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए भेजने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सम्मानित होने वाले छात्रों में सेखुई, थाना चौक निवासी कृष्णा गुप्ता और कोहड़वल, थाना निचलौल निवासी सद्दाम हुसैन शामिल हैं। दोनों छात्र मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ते हैं।
दरअसल, महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र में पुलिस को एक महिला के नहर में कूदने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन ने महिला को बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। नहर में तेज बहाव के बावजूद दोनों छात्रों ने हिम्मत दिखाई और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनके इस प्रयास से महिला की जान बच गई।
डीएम ने साहस और इंसानियत की सराहना की जिलाधिकारी ने दोनों छात्रों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने मुश्किल में फंसी महिला की मदद कर साहस, इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया है। उनका यह कार्य सराहनीय और प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि ऐसे साहसिक काम समाज में इंसानियत को मजबूत करते हैं। साथ ही, युवाओं को भी मुश्किल परिस्थितियों में बिना किसी स्वार्थ के दूसरों की मदद करने की प्रेरणा देते हैं।
डीएम ने कहा कि विद्यार्थियों में साहस, इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने कृष्णा और सद्दाम को समाज और देश की कीमती धरोहर बताया है। राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए नाम भेजने के निर्देश जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला सूचना अधिकारी को दोनों छात्रों के नाम राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए भेजने के संबंध में जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कृष्णा और सद्दाम का साहस निश्चित रूप से दूसरे युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।