सिसवा बाजार। नगर क्षेत्र के रायपुर होते हुए मंगलछपरा की ओर जाने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर और क्षतिग्रस्त पड़ी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से राहगीरों के साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
सड़क के नवनिर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को समाजसेवी एवं एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने शांतिपूर्ण धरना दिया। धरने की सूचना मिलते ही PWD के एक्सईएन सतीश तिवारी के निर्देश पर कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम में एसआई संजीव कुमार वर्मा, दीपक कुमार यादव एवं आनंद यादव शामिल रहे। पुलिसकर्मियों ने धरनारत लोगों से वार्ता की और उनकी मांगों से संबंधित पत्रक लिया।
PWD ने जल्द समाधान का दिया भरोसा धरने के दौरान एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा और स्थानीय लोगों ने सड़क के नवनिर्माण की मांग को लेकर संबंधित अधिकारियों को पत्र सौंपा। वार्ता के दौरान PWD की ओर से सड़क की समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद लोगों ने धरना समाप्त कर दिया।
एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा ने बताया कि इस संबंध में PWD के एक्सईएन सतीश तिवारी से वार्ता हुई है। उन्होंने सड़क की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बताया कि सड़क के नवनिर्माण की कार्ययोजना भेजी जा चुकी है। जल्द ही समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।
धरने में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद धरने में सभासद प्रतिनिधि शहजाद अंसारी, चंद्रशेखर सिंह उर्फ लल्ले सिंह, कयामुद्दीन, अभिषेक रौनियार, विपिन दुबे, राज करन गुप्ता, नसीम खान, मुस्तफा अली, गुड्डू कुमार, इदरीश अंसारी, अर्जुन गुप्ता, रामकरन गुप्ता समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।