महराजगंज। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए महराजगंज पुलिस ने जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में इंटर कॉलेजों के आसपास विशेष चेकिंग की गई। इस दौरान बाइक से स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं के वाहनों की भी जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कुल 1272 वाहनों की जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 245 वाहनों का चालान किया गया, जबकि गंभीर नियम उल्लंघन करने वाले 171 वाहनों को सीज कर दिया गया।
चेकिंग के साथ पुलिस ने छात्र-छात्राओं और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। पुलिस ने सभी से हेलमेट पहनने, वाहन के जरूरी दस्तावेज साथ रखने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की।
पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना और खासकर स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मोहिद खान आपन महराजगंज में बृजमनगंज क्षेत्र से रिपोर्टर हैं। यह महराजगंज जिले और बृजमनगंज की स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।