महराजगंज। नौतनवा कस्बे में गुरुवार दोपहर एक ट्रांसपोर्ट परिसर में ट्रक से बड़ी मात्रा में पटाखे उतारे जा रहे थे। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पटाखों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे ट्रांसपोर्ट परिसर में पटाखों की खेप उतारी जा रही थी। इसकी सूचना मिलते ही तहसीलदार करण सिंह, थाना अध्यक्ष अभिषेक सिंह, उप निरीक्षक सुधीर कुमार और कांस्टेबल मनीष यादव समेत पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई।
अधिकारियों के पहुंचते ही परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टीम ने मौके पर पटाखों की जांच की और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरी खेप को जब्त कर नौतनवा थाने पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि जब्त पटाखों की कीमत करीब 50 लाख रुपये है। हालांकि, पुलिस अभी पटाखों की वास्तविक मात्रा, वैधता और परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पटाखे कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां भेजा जाना था। वहीं, फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
नौतनवा थाना अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद हुए हैं। उन्हें कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।