महराजगंज। जनपद के दिव्यांगजनों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए 30 सितंबर 2026 को विकास भवन महराजगंज के सभागार में मोबाइल कोर्ट एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन राज्य आयुक्त दिव्यांगजन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों और सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक करना, भेदभाव समाप्त करना तथा समाज में उनकी पूर्ण एवं प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
निर्धारित प्रारूप पर दे सकेंगे आवेदन मोबाइल कोर्ट में सभी प्रकार के दिव्यांगजन अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए निर्धारित प्रारूप पर आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में 18 वर्ष से कम आयु के दिव्यांग बच्चों को समेकित वातावरण में निःशुल्क शिक्षा, शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश में आरक्षण, गरीबी उन्मूलन और कल्याणकारी योजनाओं में दिव्यांगजनों के लिए आरक्षण से जुड़े मामलों को प्रमुखता से सुना जाएगा।
इसके अलावा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत सुविधाओं और अधिकारों से संबंधित कार्यकारी आदेशों व निर्देशों के अनुपालन, दिव्यांगता के आधार पर भेदभावपूर्ण व्यवहार, दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी कराने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आ रही समस्याओं पर भी सुनवाई होगी।
कार्यक्रम को लेकर दिव्यांग प्रकोष्ठ संयोजक राजन चौधरी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी महराजगंज अभय पाण्डेय से मुलाकात कर जानकारी ली। इस दौरान अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को मोबाइल कोर्ट में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने और अपने अधिकारों व सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक होने के लिए प्रेरित करने पर चर्चा हुई।
दिव्यांगजनों से अपील की गई है कि वे 30 सितंबर 2026 को विकास भवन महराजगंज के सभागार में आयोजित मोबाइल कोर्ट में उपस्थित होकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी शिकायतें और समस्याएं प्रस्तुत करें, ताकि उनका त्वरित समाधान कराया जा सके।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।