महराजगंज। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में बकाया रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में जिशान की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सब्बीर अहमद, प्रदीप जायसवाल और अमन शामिल हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी सब्बीर अहमद के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की अवैध देशी पिस्टल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को जिशान अपने बकाया रुपये मांगने के लिए अपने दोस्त सब्बीर अहमद के पास समरधीरा स्थित राज रेस्टोरेंट एवं बिरयानी सेंटर पर गया था। इसी दौरान रुपये के लेनदेन को लेकर जिशान और सब्बीर अहमद, प्रदीप जायसवाल व अमन के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान सब्बीर अहमद ने जिशान को गोली मार दी। गोली लगने से जिशान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मानिकौरा अंडरपास के पास से तीनों गिरफ्तार घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर 19 सितंबर की सुबह करीब 4:58 बजे मानिकौरा चौराहा अंडरपास के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सब्बीर अहमद (19) निवासी परसोलहिया, प्रदीप जायसवाल (21) निवासी समरधीरा टोला पकरडीहा और अमन (19) निवासी परसोलहिया, थाना पुरंदरपुर, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।
अवैध पिस्टल बरामद पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी सब्बीर अहमद के कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की अवैध देशी पिस्टल बरामद की गई है। पुलिस ने बरामद हथियार को कब्जे में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 3(5) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया।
अबरार अहमद (Ibrar Ahmad) 'आपन महराजगंज' में जिला प्रभारी (District Incharge) के रूप में कार्यरत हैं। यह जिले के समाचार कवरेज, रिपोर्टिंग टीम के मार्गदर्शन और प्रमुख क्षेत्रीय मुद्दों को उठाने का कार्य करते हैं।