Maharajganj News: नेपाल से भारत लाया जा रहा 6 टन पंपकिन सीड पकड़ा, दो गिरफ्तार

    19-Sep-2026   
Total Views |

महराजगंज।
नौतनवा थाना क्षेत्र में SSB की 66वीं वाहिनी ने नेपाल से भारत लाया जा रहा करीब 6 टन पंपकिन सीड (कद्दू के बीज) पकड़ा है। शनिवार को की गई कार्रवाई में SSB ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ट्रक को भी जब्त किया। बरामद माल से संबंधित जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर इसे बिना वैध कागजात भारत लाए जाने की आशंका जताई गई है।

ट्रक की तलाशी में मिलीं 151 बोरियां
SSB को नौतनवा थाना क्षेत्र में NH-24 पर टोल प्लाजा चंडीथान के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर SSB टीम ने मौके पर जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ट्रक में रखी पंपकिन सीड की बोरियां बरामद हुईं। अधिकारियों के अनुसार, ट्रक से कुल 151 बोरियों में करीब 6 टन पंपकिन सीड मिला।

SSB जवानों ने ट्रक में मिले पंपकिन सीड से संबंधित दस्तावेज आरोपियों से मांगे। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी बरामद माल से जुड़े वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद SSB ने पंपकिन सीड और ट्रक को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

कस्टम विभाग को सौंपा गया माल

कार्रवाई पूरी करने के बाद SSB ने बरामद पंपकिन सीड, ट्रक और दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए नौतनवा कस्टम विभाग को सौंप दिया।

कस्टम विभाग अब बरामद माल की कीमत, उसके स्रोत और भारत लाए जाने से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रहा है। सीमा क्षेत्र में बिना दस्तावेज इतनी बड़ी मात्रा में पंपकिन सीड बरामद होने के बाद मामले की जांच जारी है।

फिलहाल कस्टम विभाग की ओर से मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। आगे की जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



फैयाज अहमद

फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।