महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के तुलसीपुर में सोमवार सुबह अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय किशोर हेमंत प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर शिवाला का निवासी था। जानकारी के अनुसार, हेमंत सोमवार सुबह करीब 10 बजे अपनी मां को लेकर किसी जरूरी काम से भिटौली गया था। मां को छोड़ने के बाद वह अपनी चाची के मायके जोगिया जाने के लिए बाइक से निकला था।
बताया गया कि धर्मपुर चौराहे से होते हुए हेमंत जैसे ही तुलसीपुर पतली नहर के पास पहुंचा, उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर के बाद विद्युत पोल भी टूटकर जमीन पर गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल हेमंत को सीएचसी परतावल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हेमंत दो भाइयों में बड़ा था और अभी कक्षा 10 का छात्र था। उसके पिता लक्ष्मण रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात गए हुए हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मां राजवंता का रो-रोकर बुरा हाल है।
भिटौली थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।