Maharajganj News: सार्वजनिक जगह शराब पीना पड़ा भारी, 1461 लोगों पर पुलिस की कार्रवाई

    21-Sep-2026   
Total Views |
महराजगंज। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने व्यापक अभियान चलाकर कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते मिले 1461 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

चौराहों और बाजारों में हुई चेकिंग
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न चौराहों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग की। इस दौरान सार्वजनिक जगहों पर शराब का सेवन करते पाए गए लोगों की जांच की गई।

पुलिस के अनुसार, शराब का सेवन करते मिले लोगों के खिलाफ धारा 292 बीएनएस समेत अन्य सुसंगत धाराओं में आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।

सार्वजनिक स्थानों पर शराब न पीने की अपील

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने या आम लोगों के लिए परेशानी पैदा करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

महराजगंज पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन नहीं करने और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।



मोहिद खान

मोहिद खान आपन महराजगंज में बृजमनगंज क्षेत्र से रिपोर्टर हैं। यह महराजगंज जिले और बृजमनगंज की स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।