Maharajganj News: बच्ची की मौत के बाद सिसवा CHC पहुंचे CMO, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा

    22-Sep-2026   
Total Views |
महराजगंज। सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से रेफर पांच वर्षीय बच्ची की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. वीरेंद्र आर्या अचानक सिसवा सीएचसी पहुंचे और अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

बताया गया कि सोमवार को सिसवा नगरपालिका के चौधरी चरण सिंह वार्ड निवासी मनोहर की पांच वर्षीय बेटी त्रिशा की तबीयत जहरीले जीव के काटने के बाद बिगड़ गई थी। उसे सिसवा सीएचसी लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय बच्ची की हालत और बिगड़ गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद परिजन शव लेकर घर लौट गए। देर शाम परिजनों ने सिसवा सीएचसी पहुंचकर हंगामा भी किया था।

सीएमओ ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मामले की जानकारी के बाद मंगलवार को सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. वीरेंद्र आर्या सिसवा सीएचसी पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

उन्होंने ओपीडी के साथ ही अस्पताल के अलग-अलग वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल में उपलब्ध मेडिकल सामान, मरीजों के उपचार की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी देखी गई।

अधिकारियों ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. ईश्वर चन्द्र विद्यासागर से अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने सीएचसी अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार करने और आवश्यक सुविधाओं को बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि मरीजों को इलाज के लिए परेशानी न हो और गंभीर मामलों में समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

बच्ची की मौत के बाद सीएचसी में हुए हंगामे और इसके अगले ही दिन अधिकारियों के निरीक्षण से अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर विभागीय सक्रियता सामने आई है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि निरीक्षण के बाद सिसवा सीएचसी में इलाज और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार होगा।



आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।