सिसवा बाजार, महराजगंज। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार, 28 सितंबर 2026 को सिसवा ब्लॉक सभागार में सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय ने किया। उन्होंने लोगों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सिसवा धीरेंद्र प्रताप सिंह ने की। उन्होंने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी और आवेदन से जुड़ी प्रक्रिया एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है।
विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए सेवा शिविर के दौरान मुख्य अतिथि और जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। कृषि विभाग के स्टॉल पर लाभार्थी किसानों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली गई।
इसके अलावा जनसेवा से जुड़े अन्य स्टॉल का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
महिलाओं और बच्चों के लिए भी कार्यक्रम कार्यक्रम के दौरान मातृशक्ति और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई गई। वहीं शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इस दौरान महिलाओं और बच्चों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई।
एक जगह मिलेंगी कई सरकारी सेवाएं सेवा शिविर के माध्यम से क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य जांच, आधार एवं राशन कार्ड में सुधार, पेंशन योजनाएं, आयुष्मान कार्ड, कृषि संबंधी सेवाओं का निस्तारण और विभिन्न सरकारी योजनाओं में पंजीकरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इन शिविरों का उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को आवेदन और पंजीकरण की प्रक्रिया में सहायता उपलब्ध कराना है।
3 अक्टूबर तक चलेगा सेवा शिविर कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि 28 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक सेवा शिविर और विभागीय मेले आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं से अवगत कराया जाएगा। साथ ही पात्र लाभार्थियों को संबंधित सेवाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी अर्जुन चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल, अमित अंजन, रणधीर सिंह, धर्मनाथ खरवार, राजन विश्वकर्मा, राम सूरत पटेल, अमरीश पटेल, राममिलन गुप्ता, विशिष्ट चौधरी, राघवेन्द्र उपाध्याय, आशा कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।