महराजगंज। जिला मुख्यालय पर जनहित किसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम सुंदर दास ने अपने समर्थकों के साथ विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया है। धरने के दौरान उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था, जमीन कब्जे, स्वास्थ्य, शिक्षा और बेरोजगारी समेत कई मुद्दे उठाए और प्रशासन व सरकार से इनके समाधान की मांग की।
श्याम सुंदर दास ने आरोप लगाया कि महराजगंज जिले में गंभीर अपराधों के साथ जमीन कब्जे की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं और विद्यालयों की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए इनमें सुधार की जरूरत बताई। उनका कहना है कि बेरोजगारी भी जिले की प्रमुख समस्याओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि जिले में रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में युवा काम की तलाश में दूसरे शहरों और राज्यों में जाने को मजबूर हैं। श्याम सुंदर दास ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि महराजगंज के विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए गए।
जिले में उद्योग और रोजगार बढ़ाने की मांग धरने के दौरान श्याम सुंदर दास ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के कार्यकाल को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महराजगंज में बड़े उद्योग और कल-कारखाने स्थापित किए जाने चाहिए, ताकि जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके और उन्हें काम की तलाश में बाहर न जाना पड़े।
उन्होंने प्रशासन और सरकार से जिले की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने और ठोस कदम उठाने की मांग की। विभिन्न मांगों को लेकर जनहित किसान पार्टी का अनिश्चितकालीन धरना जिला मुख्यालय पर जारी है।
धरना प्रदर्शन में दया राम वर्मा, श्याम सुंदर, पवन वर्मा, सोनू शर्मा, आलोक चौधरी, रामनिवास, अनिरुद्ध दुबे, अंकित कुमार, अग्रेश कुमार, महेश कुमार, राम भजन यादव और अखिलेश कथा सौदागर समेत कई समर्थक मौजूद रहे।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।