महराजगंज। नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के मीराबाई नगर वार्ड में सोमवार को 65 वर्षीय बेसहारा महिला ज्योति की मौत हो गई। वह लंबे समय से एक मकान की सीढ़ियों के नीचे रहकर लोगों से मांगकर अपना जीवन यापन कर रही थीं। बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी।
सोमवार दोपहर स्थानीय लोगों ने ज्योति को उसी स्थान पर मृत अवस्था में देखा। इसकी जानकारी वार्ड सभासद अश्वनी रौनियार को दी गई। सभासद मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सिसवा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने ज्योति के परिजनों की तलाश शुरू की। जानकारी मिलने के बाद कुशीनगर जिले के अहिरौली निवासी उनके भतीजे ओमप्रकाश उर्फ खदेरू सिसवा पहुंचे। उन्होंने अपनी बुआ ज्योति की अंतिम विदाई की जिम्मेदारी निभाई।
सीढ़ियों के नीचे गुजर रहा था जीवन ज्योति ने अपना जीवन बेहद कठिन परिस्थितियों में बिताया। उम्र के इस पड़ाव पर जब बुजुर्गों को परिवार और सुरक्षित छत की जरूरत होती है, उस समय उनका आश्रय एक मकान की सीढ़ियों के नीचे था। बीमारी के दौरान भी उनके पास कोई स्थायी सहारा नहीं था।
नगरपालिका प्रशासन, वार्ड सभासद और स्थानीय लोगों के सहयोग से खेखड़ा घाट पर ज्योति के अंतिम संस्कार की व्यवस्था की गई। उनके भतीजे ओमप्रकाश ने मुखाग्नि दी।
इस दौरान सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य, कांस्टेबल दशरथ गोंड और रामप्रवेश समेत नगरपालिका प्रशासन के लोग मौजूद रहे। अंतिम संस्कार में स्थानीय लोगों इम्तियाज, इश्तेयाक अली, फारूख, मुन्ना जायसवाल, वेदप्रकाश जायसवाल और चंद्रभान जायसवाल ने भी सहयोग किया।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।