पोखरियों को कराया जायेगा अतिक्रमणमुक्त, होगा सुंदरीकरण

महराजगंज। जिले के निकायों में स्थित सभी पोखरियां अतिक्रमणमुक्त होंगी। अतिक्रमणमुक्त होने के साथ ही चरणवार पोखरियों का सुन्दरीकरण होगा। शासन के आदेश के बाद निकाय प्रशासन हरकत में आ गई है। अतिक्रमण की जद में आई पोखरियों को चिह्नित किया जा रहा है। जिले में 14 नगर निकाय हैं। इनमें चार नई निकाय हैं। देखभाल के अभाव में निकायों की अधिकांश पोखरियों पर अतिक्रमण हो गया है। अतिक्रमण के चलते पोखरियां सकरी हो गई हैं या उनका अस्तित्व ही समाप्त हो गया है। इससे निकायों में जल-संचयन का संकट हो गया है। शासन ने जल संचयन की व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए निकायों को पोखरियों को अतिक्रमणमुक्त कर सुन्दरीकरण करने का आदेश दिया है।

शासन का आदेश मिलते ही निकाय प्रशासन हरकत में आ गई हैं। अतिक्रमण की जद में आई पोखरियों को चिह्नित करने का कार्य शुरू कर दिया है। रिपोर्ट के आधार पर शासन निकायों को धन जारी करेगा। धन मिलते ही निकाएं चरणवार पोखरियों का सुन्दरीकरण करने का कार्य शुरू करेंगी।

69 हजार आबादी वाले नगर पालिका परिषद महराजगंज में 25 वार्ड हैं। इन वार्डों में करीब 120 पोखरियां है। इनमें अधिकांश पोखरियां अतिक्रमण की जद में है। नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण की जद में आई सभी पोखरियों को चिह्रित करने का कार्य शुरू कर दिया है। सर्वे के बाद शासन को रिपोर्ट भेजेगा। रिपोर्ट के आधार पर पोखरियों को सुन्दरीकरण कराने के लिए धन जारी करेगा।

नगर पालिका परिषद महराजगंज, सिसवा, नौतनवा के अलावा नगर पंचायत निचलौल, घुघली, फरेंदा, आनंदनगर, सोनौली, बृजमनगंज, पनियरा, परतावल और चौक बाजार आदि जिले के नगर निकाय हैं।

जल-संचयन के लिए पोखरियों का सुन्दरीकरण कार्य होना है। सुन्दरीकरण के पहले पोखरियों को अतिक्रमणमुक्त करना है। इसके लिए सर्वे कार्य शुरू कर दिया गया है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर पोखरियों के सुन्दरीकरण कार्य के लिए शासन धन मिलेगा। धन मिलने पर चरणवार पोखरियों का सुन्दरीकरण कार्य कराया जाएगा।