महराजगंज। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में चंडीगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र की महिला से महराजगंज में सामूहिक दुष्कर्म के मामले की सुनवाई दो अप्रैल को होगी। तीन आरोपियों मनीष शारदा, अनिल गौतम और उमेश मंदरवाल को न्यायालय में पेश होना है।
मामले में नया मोड़ यह आ गया है कि इन आरोपियों पर दिल्ली व उत्तराखंड की महिलाओं ने भी गंभीर आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर से आरोपी अपने बचाव के लिए कानूनी दाव पेंच का सहारा लेकर बचने की कोशिश कर रहे हैं। मामले में आरोपी बीते दिनों हाईकोर्ट गए थे, लेकिन वहां से अभी तक राहत नहीं मिली। माना जा रहा है कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी कभी भी हो सकती है।
पीड़िता भी आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड रही है। उसका कहना है कि न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। कसूरवारों को एक दिन सजा जरूरी मिलेगी। मामले में वीएस संधू पर साक्ष्य मिटाने का आरोप है। इसपर भी कानूनी शिकंजा कसा जा सकता है। आने वाले दिनों में इसकी मुश्किल बढ़ सकती है। पीड़िता दुष्कर्म के बाद एक बच्चे का मां बनी, उसे तबाह करने के लिए आरोपियों ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।
ऐसे हुई थी घटना
पत्रावली के अनुसार, पीड़िता मार्च 2021 में चंडीगढ़ के सेक्टर 17 में स्थित डीसी कार्यालय में शपथपत्र बनवाने गई थी। वहां उसकी मुलाकात दो लोगों से हुई, जिन्होंने न सिर्फ उसका शपथपत्र बनवाकर दे दिया, बल्कि स्टील फैक्ट्री में नौकरी दिलाने का भी भरोसा दिया। पीड़िता कुछ दिन बाद आरोपियों से बातकर इंडस्ट्री एरिया स्थित फैक्ट्री में पहुंची।
आरोप है कि वहां दोनों ने उसके दस्तावेज ले लिए और सादे कागजात पर अंगूठा भी लगवा लिया। पीड़िता का कहना है कि जब उसने दोनों आरोपियों से गोंडा में फैक्ट्री में काम पर जाने की बात कहीं तो उन्होंने कानपुर में मिलने के लिए बुलाया। 21 जून 2021 को एक युवक उसके घर आया जिसने फोन पर एक आरोपी से बात कराई। इसके बाद उसे महराजगंज ले जाया गया।
मनीष शारदा नाम के व्यक्ति ने महिला से कहा कि महराजगंज की फैक्ट्री में उसकी नौकरी लगवा रहे हैं और फैक्ट्री देखने के लिए बुलाया। आरोपियों के झांसे में आकर पीड़िता 22 जून 2021 को कानपुर पहुंची। वहां से उसके साथ तीन लोग एक कार में तथा पांच-छह अन्य लोग दूसरी कार में महराजगंज के लिए निकले। फैक्ट्री देखने के बाद रात में उन सभी ने कोल्हुई के पास खाना खाया और फिर कानपुर के लिए निकले।
कोल्हुई से कुछ दूर आगे आने के बाद गाड़ी को संकरी सड़क पर उतार लिया। गाड़ी में ही तीन आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर कोल्हुई पुलिस ने केस दर्ज किया था और विवेचना के बाद रिपोर्ट कोर्ट में दाखिल की थी। आरोप है कि चंडीगढ़ के भूषण स्टील में पीड़िता को वीएस संधू नाम के शख्स से मिलवाया गया।
इस पूरे मामले में आरोपियों पर कानून का शिकंजा कसता हुआ दिख रहा है। मामले में आने वाले दिनों में बड़ी कार्रवाई हो सकती है। आरोपी हर कदम पर पीड़िता को प्रभावित करने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन इनकी मंशा पूरी नहीं हो पा रही है। बीएस संधू जो रिटायर वरिष्ठ अधिकारी है। वह भूषण फैक्ट्री में उच्च पद पर कार्यरत हैं।