घर में घुसकर युवतियों को जबरन रंग लगाने की कोशिश, मारपीट तक आई नौबत

महराजगंज। होली के दौरान एक गांव में कुछ युवक जबरन घर में घुस गए और रंग लगाने के बहाने युवतियों से अभद्रता करने लगे। जब परिवारवालों ने इसका विरोध किया, तो उनके बीच विवाद छिड़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। घटना में दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार को गांव में गाजे बाजे के साथ होलियारों का समूह घूम घूम कर रंग खेल रहा था। इसी दौरान कुछ युवक उनके घर में घुस गए। आरोप है कि इस दौरान युवक घर की युवतियों से अभद्रता करने लगे।

युवक युवतियों से छेड़छाड़ करने का प्रयास करने लगे। इस पर परिवारजन ने युवकों का विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्ष एक दूसरे पर लाठी डंडा लेकर हमलावर हो गए। घटना में महिला, उसका पति, एक युवक, जबकि दूसरे पक्ष से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।