मास्टर जी गृह विज्ञान में पास कर दीजिये वरना शादी में दिक्कत होगी

महराजगंज। इन दिनों यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जनपद के तीन केंद्रों पर हो रहा है। मूल्यांकन अभी आठ दिन चलेगा। कड़ी निगरानी के बीच चल रहे मूल्यांकन में एक-दो ऐसी उत्तर पुस्तिका भी मिल रही हैं जिसे पढ़कर परीक्षक हैरान हो जा रहे हैं।

गृह विज्ञान की उत्तर पुस्तिका में एक परीक्षार्थी ने लिखा है कि गृह विज्ञान में नहीं दूसरे में फेल कर सकते हैं। महराजगंज इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिका मूल्यांकित हो रही है। केंद्र के उप नियंत्रक डाॅ. सुजीत चौधरी ने बताया कि शनिवार को गृह विज्ञान की 17428 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकित हुईं।

एक उत्तर पुस्तिका पर जवाब लिखने से पहले निवेदन लिखा मिला कि गृह विज्ञान में पास कर दीजिएगा। चाहें तो दूसरे में फेल कर दीजिएगा नहीं तो घर वालों को शादी खोजने में और दिक्कत होगी। क्योंकि लोग कहेंगे कि घरेलू कामकाज नहीं जानती गृह विज्ञान में ही फेल हो गई।

सेठ आनंदराम जयपुरिया फरेंदा के उप नियंत्रक साकिर हुसैन ने बताया कि हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान की 19831 काॅपियां जांची गईं। 1857 की क्रांति के क्या कारण थे इसके जवाब में एक ने प्रश्न ही गलत बताते हुए कहा कि 1857 में नहीं बल्कि 1981 में क्रांति आई थी। मुख्य किरदार मनोज का था। डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि जीएसवीएस में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान की 18791 उत्तर पुस्तिका जांची गई।