गर्मी में यात्रियों को राहत: महराजगंज डिपो ने शुरू की दूसरी एसी बस सेवा

महराजगंज। बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं के बीच यात्रियों की परेशानी को देखते हुए महराजगंज डिपो ने एक और एसी बस सेवा शुरू कर दी है। शनिवार से लखनऊ के लिए दूसरी एसी बस चलाई गई, जिससे यात्रियों को सफर के दौरान राहत मिलेगी।

महराजगंज डिपो से पहले से ही एक एसी बस सुबह 6 बजे लखनऊ के लिए जाती थी, जबकि दोपहर में एक सामान्य बस चलती थी। गर्मी बढ़ने के कारण सामान्य बस में यात्रियों की संख्या कम होने लगी, जिससे डिपो प्रशासन ने दूसरी एसी बस शुरू करने का फैसला किया।

शनिवार को दोपहर 1 बजे लखनऊ के लिए रवाना हुई इस बस में 40 यात्री सवार थे, जिनमें लखनऊ, फैजाबाद और अयोध्या के यात्री शामिल थे। पहले ही दिन यात्रियों की अच्छी संख्या देखकर डिपो प्रशासन को उम्मीद है कि यह सेवा सफल रहेगी और यात्रियों को गर्मी में राहत मिलेगी।