महराजगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को महराजगंज जिले के रतनपुर में 150 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित रोहिन बैराज परियोजना का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है, और उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भय और अराजकता से मुक्त होकर सुशासन और विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसका एक बड़ा उदाहरण महराजगंज में बना यह रोहिन बैराज है ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नया भारत है, जहां बिना किसी भेदभाव के काम होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरा देश एक नए भारत का दर्शन कर रहा है, जो बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ सबको देता है। किसान, नौजवान, मजदूर या महिलाएं, सभी को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। जो काम पिछली सरकारों ने सत्तर सालों में नहीं किया, वह काम मोदी सरकार ने दस वर्षों में कर दिखाया है।
डबल इंजन की सरकार में आज देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। चार करोड़ गरीब परिवारों को उनका अपना आशियाना मिला है। बच्चों की अच्छी पढ़ाई से लेकर लोगों की दवाई तक के लिए भाजपा सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 वर्षों से लोग जिस रोहिन नदी की बाढ़ की त्रासदी झेलते रहे, वही नदी अब यहां के खेतों को सींच कर किसानों की खुशहाली का नया द्वार खोलेगी।
इस दौरान प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक ऋषि त्रिपाठी, ज्ञानेंद्र सिंह, जयमंगल कन्नौजिया, प्रेम सागर पटेल व संजय पाण्डेय आदि मौजूद रहे।