महराजगंज। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने ‘ऑपरेशन कार-ओ-बार’ नामक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देश पर गुरुवार को नगर क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस द्वारा यह अभियान चलाया गया। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर की मदद से 60 वाहन चालकों की जांच की गई, जिसमें शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि हुई। इन सभी चालकों पर कुल ₹95,000 का जुर्माना लगाया गया।
यातायात प्रभारी अरूणेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर वाहन चलाना कानूनन अपराध है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह के अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि शहर में सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।