ससुराल की प्रताड़ना से परेशान महिला ने दर्ज कराया केस, पति सहित तीन पर मुकदमा

महराजगंज। जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ढोलघाट रामपुर गांव निवासी सुमन गुप्ता ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में पति आदेश अग्रहरि, जेठ अभिषेक अग्रहरि और जेठानी आरती देवी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पीड़िता के अनुसार, 14 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे आरोपी जबरन घर में घुस आए और उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज व तोड़फोड़ की। घटना के दौरान महिला और उसके बेटे को कमरे में बंद कर दिया गया। किसी तरह मौका पाकर उसने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

सुमन गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध है, जिससे वह काफी परेशान रहती है। थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।