हैंडपंप में करंट उतरने से युवक की मौत, भाई-भाभी घायल

घुघली। ग्राम सभा घुघली बुजुर्ग में शुक्रवार दोपहर उस समय कोहराम मच गया जब घर के हैंडपंप में करंट उतर जाने से 24 वर्षीय युवक दुर्गेश की मौत हो गई। घटना के दौरान उसे बचाने की कोशिश में छोटा भाई रितेश और भाभी रंजील देवी भी झटका लगने से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, दुर्गेश बाहर से घर लौटा था और प्यास लगने पर सीधे घर के हैंडपंप पर पानी पीने पहुंचा। जैसे ही उसने पंप को चलाया, उसमें करंट प्रवाहित होने से वह उसमें चिपक गया। उसकी चीख सुनकर छोटा भाई रितेश उसे बचाने दौड़ा लेकिन करंट लगने से वह भी दूर जा गिरा।

शोर सुनकर रितेश की भाभी रंजील देवी भी वहां पहुंचीं, लेकिन उन्हें भी बिजली का झटका लगा और वह गिरकर घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दुर्गेश को मृत घोषित कर दिया।

दुर्गेश की असमय मौत से गांव में शोक की लहर है। माता-पिता बेसुध हो जा रहे हैं और घर में मातम पसरा है। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।