राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में महराजगंज के आशीष यादव ने जीता कांस्य पदक

महराजगंज। नई दिल्ली में 21 से 26 अप्रैल तक आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के उभरते हुए पहलवान आशीष यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 किलो भार वर्ग फ्री स्टाइल में कांस्य पदक जीतकर जिले और राज्य का नाम रोशन किया।

महादेवा चौराहे के निवासी आशीष यादव ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए कई कठिन मुकाबलों में अपनी दमदार कुश्ती तकनीक से दर्शकों और निर्णायकों का ध्यान खींचा।

इससे पहले उन्होंने 12 अक्टूबर 2024 को मेरठ में आयोजित स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

आशीष की इस उपलब्धि के पीछे उनके मामा व राष्ट्रीय पहलवान शैलेश यादव का मार्गदर्शन रहा है, जो वर्तमान में रेलवे में कार्यरत हैं। शैलेश यादव की देखरेख में आशीष ने कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ अभ्यास किया।

इस उपलब्धि पर जिले के उप क्रीड़ा अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कोच चन्द्रविजय सिंह, राष्ट्रीय पहलवान श्यामकरन यादव, कोच धर्मेन्द्र यादव, कुश्ती संघ अध्यक्ष धीरेंद्र कृष्ण त्रिपाठी और कन्हैया लाल यादव ने आशीष को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।