महराजगंज। सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के सिंदुरिया चौराहे पर बाजार करने आई एक महिला की मासूम बेटी भीड़भाड़ के चलते हाथ छूटने से खो गई। भेड़िया गांव निवासी संगीता अपनी बेटी काव्या के साथ बाजार आई थीं, जब यह घटना घटी। बेटी के बिछड़ने से घबराई संगीता बिलखते हुए सिन्दुरिया थाने पहुंचीं और पुलिस से मदद मांगी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर कांस्टेबल आनंद यादव और महिला कांस्टेबल रीमा चौहान की टीम ने तुरंत आसपास के इलाकों में तलाश शुरू कर दी। पुलिस की तत्परता से कुछ ही घंटों में बच्ची को सकुशल बरामद कर मां के हवाले कर दिया गया। बेटी को गले लगाते ही संगीता की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े, जैसे उसकी दुनिया फिर से बस गई हो। संगीता ने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम का आभार जताया।