ठुठीबारी। गडौरा जेएचवी चीनी मिल में कर्मचारियों की हड़ताल से किसान परेशान होने लगे तो सोमवार को किसानों ने मिल गेट पर प्रदर्शन किया। यह देखकर जिम्मेदार परेशान हो गए। बाद में कर्मचारी हड़ताल बंद हुई तब गन्ना तौल शुरू हुआ।
गन्ना तौल कराने को लेकर किसान मिल पर कई दिनों से परेशान थे। छितौनी गांव के किसान अशोक कुमार, राजकुमार, धरनीपट्टी के कौसेन अंसारी, वीरबल अंसारी, नवीरसुल, हसरुद्दीन, कैफ अंसारी, विशुनपुर गुड्डू, बसंत यादव, जावेद अंसारी, लोरीक भारती, सत्यनारायण ने बताया कि तीन दिन तक तकनीकी खराबी के कारण मिल में गन्ना पेराई बंद थी। रविवार की रात दो बजे से गन्ना पेराई शुरू हुई तो सोमवार सुबह पांच बजे से मिल कर्मचारी गन्ना पेराई बंद कर हड़ताल पर बैठ गए। इस वजह से गन्ने का तौल नहीं हो पा रहा था।
नायब तहसीलदार अभिषेक मिश्र ने बताया कि मिल कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर गन्ना पेराई शुरू कर दिया है। उनकी समस्याओं को दूर कराने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।
पूर्वांचल चीनी मिल मजदूर यूनियन जेएचवी शुगर मिल गड़ौरा के अध्यक्ष नवल किशोर मिश्रा ने बताया कि मिल से निकाले गए कर्मचारियों को ड्यूटी ज्वाइन की मांग पूरा हुई है। वहीं अन्य मांग जैसे पिछले वर्ष 19 दिन का रोका गया वेतन, एरियर भुगतान कराने, वेतन बढ़ोतरी, ओवर टाइम, मृतक कर्मचारी की ग्रेच्युटी, पीएफ का अंशदान आदि को लेकर आश्वासन मिला है।