फरेंदा के बाद अब गोरखपुर रोड का होगा सुंदरीकरण

महराजगंज। साफ़ और सुन्दर शहर सभी को अच्छा लगता है। इसी तर्ज पर शहर को स्वच्छ और सुन्दर बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने हर स्तर पर कोशिश तेज कर दी है। फरेंदा रोड के बाद अब शहर के गोरखपुर रोड का सुन्दरीकरण किया जाएगा। सक्सेना चौराहा से लेकर बैकुंठपुर तक एलईडी स्ट्रीट लाइट और डेकोरेटेड प्लांट लगेगा। इस पर 17 लाख रुपये खर्च होंगे।

नगर पालिका परिषद महराजगंज स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में शामिल है। सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने शहर को स्वच्छ और सुन्दर बनाने के लिए हर स्तर पर कोशिश शुरू की है। वार्डों में तीन-तीन सफाई कर्मचारियों के अलावा कूड़ा वाहन की ड्यूटी लगाई है। शहर की मुख्य सड़कों की साफ-सफाई करने के लिए सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। नगर पालिका प्रशासन फरेंदा रोड को सुसज्जित करने के बाद अब गोरखपुर रोड का सुन्दरीकरण कराएगा।

सड़क सुन्दरीकरण के बाद नगर पालिका प्रशासन शहरवासियों की सुविधा के लिए मानक के अनुसार वार्डों में सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालय बनाएगा। इसके लिए बहुत जल्द सर्वे कार्य शुरू होगा।

शहर की मुख्य सड़कों का सुन्दरीकरण होना है। फरेंदा रोड के बाद अब गोरखपुर रोड का सुन्दरीकरण कार्य शुरू कर दिया गया है। सक्सेना चौराहा से बैकुंठपुर तक सड़क का सुन्दरीकरण कार्य करने के लिए कार्यदायी संस्था को धन जारी कर दिया गया है।