महराजगंज। देशी गाय पालकर जिले के किसान दूध की धारा बहाएंगे। इसके लिए जिले के चार किसानों का चयन हो चुका है। ये किसान 23.60 लाख रुपये की लागत से डेयरी का बिजनेस कर अपनी तरक्की की राह बढ़ेंगे। पशुपालन विभाग की मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत जिले में दस स्वदेशी उन्नत नश्ल की गायों की चार इकाई स्थापित किया जाना है। इसमें प्रत्येक इकाई की स्थापना पर 23.60 लाख रूपये खर्च किया जाएगा।
छह जनवरी को लॉटरी विधि से चार किसानों का चयन भी हो गया। इनकी फाइल बैंकों को कर्ज स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है। दस गायों की परियोजना की कुल अनुमानित लागत 23.60 लाख रूपये है।
इकाई स्थापना के लिए चयनित पशुपालक को अधिकतम 11.80 लाख रूपये अनुदान दो चरणों में दिया जाएगा। इसमें लाभार्थी अंश 15 प्रतिशत, बैंक ऋण 35 प्रतिशत है। इकाई लागत का अधिकतम 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। योजना के तहत जिले में चार लोगों का चयन किया जाना था। जिसके सापेक्ष 23 लोगों ने आवेदन किया था। पात्रता की जांच के बाद इसमें दो अपात्र हो गए। इसमें 21 लोग पात्र मिले। जिसमें छह जनवरी को लॉटरी विधि से चार किसानों का चयन किया गया।
योजना में नौतनवा ब्लाक के महरी गांव के कृष्णमोहन यादव, सदर केवलापुर खुर्द के शिवशंकर, सदर अरनहवा के ब्रह्मानंद व सिसवा ब्लाक की चंद्रकला पटेल का चयन हुआ है।
इस योजना के तहत चयन लाभार्थी को दस गायों की खरीद की जानी है। इसमें केवल देशी गाय की खरीद की जानी है। इसमें साहिवाल, गिर, थारपारकर प्रजाति की गायों की खरीद किया जाना है। गाय प्रथम व द्वितीय व्यांत की होंगी और गायों की खरीद प्रदेश के बाहर से खरीदकर लाएंगे।