महराजगंज। जिले में श्री अन्न यानी की मोटा अनाज पैदा कराने के लिए कृषि विभाग के जिम्मेदार किसानों को जागरूक कर रहे हैं। ताकि अधिक से अधिक किसान मोटा अनाज पैदा हो। इसके लिए कृषि विभाग किसानों को 50 फीसदी सब्सिडी के बीज उपलब्ध करा रहा है।
किसानों को राजकीय कृषि भंडार से बीज मिलेगा। लेकिन खरीदारी के समय पूरा पैसा देना पड़ेगा। सब्सिडी डीबीटी के माध्यम से खाते में पहुंचेगी। कृषि क्षेत्र में तमाम तकनीकी परिवर्तन आने के बाद जिले के अधिकतर किसानों ने मोटा अनाज की खेती करना छोड़ दिया है। ऐसे में केन्द्र सरकार के पहल पर किसानों से मक्का, ज्वार,बाजरा, सांवा, कोदा, मडुआ, रागी की खेती कराने के लिए काम किया जा रहा है।
कृषि विभाग ने मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम को लागू किया है। कृषि विभाग ने जायद फसल बुआई के दौरान अधिक से अधिक किसानों से मक्का की खेती कराने के लिए पूरे जिले में 300 से अधिक कर्मचारियों को लगाया है। ये कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच कर गोष्ठी आदि के माध्यम से किसानों को नवीनतम तकनीकी जानकारी मुहैया करा रहे हैं। कृषि विज्ञान केन्द्र बसुली के वैज्ञानिक डॉ. डीपी सिंह ने बताया कि मोटा अनाज की खेती करके किसान आय के साथ अपनी सेहत भी बढ़ा सकते हैं।
मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत किसानों से मोटा अनाज पैदा कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। मक्का की खेती कराने के लिए किसानों को 50 फीसदी सब्सिडी पर मक्का बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। किसान गेहूं की कटाई के बाद मक्का की खेती कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं।