
महराजगंज। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग क्षेत्र के चेहरी फाॅर्म में घास के बीच शावक बैठा था। इस बीच चरवाहाें की नजर उस पर पड़ी तो सन्न हो गए। कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई।
चरवाहों ने गांव के लोगों की इसकी जानकारी दी, तो जाल लेकर कुछ लोग मौके पर पहुंचे। शावक को जाल में फंसाने के बाद वन विभाग को सूचना दी गई। टीम ने शावक को जाल से छुड़ाया। उसे पास के एक गड्ढे में रखकर निगरानी में टीम लगी रही।
रविवार को शाम चार बजे चेहरी फाॅर्म बेलभरिया टोला के पास गांव के कुछ युवक भैंस चरा रहे थे। कुछ युवक आसपास खेल रहे थे। अचानक एक युवक की नजर झाड़ी में पड़ी तो उसने शोर मचाया। करीब में युवक पहुंचे तो वहां शावक को देखकर सहम गए। कुछ युवकों ने गांव में लोगों को जानकारी दी। इसके बाद गांव के लोग जाल लेकर पहुंचे। शावक को झाड़ी से बाहर कर जाल में फंसाया। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी।
करीब एक घंटे बाद वनकर्मी पहुंचे। शावक को जाल से छुड़ाकर एक गड्ढे में कर दिया गया। वन विभाग की टीम उसकी निगरानी में जुट गई। गांव के लोगों को वन क्षेत्र की ओर अकेले नहीं जाने के लिए कहा गया है। राजगोपाल, गोलू, पप्पू, सचिन, रामप्रवेश, संदीप, प्रदीप ने बताया कि शावक को किसी तरह से सुरक्षित जाल में फंसाया गया।
डीएफओ निरंजन सुर्वे ने बताया कि खेत वन क्षेत्र से करीब एक किमी के दायरे में है। अनुमान है कि शावक अकेले नहीं होगा। उसकी मां भी आसपास हो सकती है। ऐसे में शावक को सुरक्षित वन क्षेत्र के पास ही रख कर वन कर्मी निगरानी में जुटे हैं। रात में शावक अपनी मां के साथ वन क्षेत्र में चला जाएगा। वन क्षेत्र के आसपास के गांव के लोगों को सचेत कर दिया गया है।