महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के बेलवा टिकर गांव में मंगलवार को एक पत्तल और दोना बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। उदय इंटरप्राइजेज नामक इस फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से लगी आग के कारण लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। यह घटना दीपावली से ठीक पहले हुई।
आग लगने के समय फैक्ट्री के अंदर नैतिक, उदय और शेषनाथ जायसवाल सहित कई मजदूर काम कर रहे थे। अचानक आग की लपटें उठने से अफरा-तफरी मच गई।
कर्मचारियों ने पानी और फायर सिलेंडर से आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इस दौरान शेषनाथ जायसवाल आग की चपेट में आ गए। जिन्हें ग्रामीणों ने बगल की दीवार तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आग बुझाने में मदद करने लगे। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
दीपावली से ठीक पहले हुए इस अग्निकांड से इलाके में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास के कई घर और दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं।